पीएम मोदी ने गंगा नदी पर बने 6-लेन ‘नीतीश सेतु’ का किया उद्घाटन, राघोपुर दियारा और बिहार को मिलेगी बड़ी रफ्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शनिवार को बिहार के वैशाली जिले में पहुंचकर गंगा नदी पर लगभग 4,280 करोड़ रुपये की लागत से बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह-लेन पुल ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन किया।

पीएम मोदी ने रिबन काटकर यह पुल राष्ट्र को समर्पित किया। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। उद्घाटन के दौरान पुल के नीचे बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए जुटे थे। प्रधानमंत्री ने हाथ में गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन किया, जिससे वहां मौजूद लोगों में काफी उत्साह देखा गया।

करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टे ब्रिज गंगा नदी पर बनाया गया है। कुल 19.7 किलोमीटर लंबी इस परियोजना में 9.7 किलोमीटर का मुख्य पुल और 10 किलोमीटर की संपर्क सड़कें शामिल हैं। यह पुल पटना जिले में एनएच-22 स्थित कच्ची दरगाह को वैशाली जिले में एनएच-322 स्थित बिदुपुर से जोड़ता है।

नीतीश सेतु के शुरू होने से गंगा नदी पार करने के लिए एक नया विकल्प मिलेगा, जिससे महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा। साथ ही उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सफर का समय भी कम होगा। इस पुल से राघोपुर दियारा के लोगों को खास फायदा मिलने की उम्मीद है, जिनकी पटना तक आवाजाही आसान होगी और स्वास्थ्य, शिक्षा व अन्य जरूरी सुविधाओं तक पहुंच बेहतर बनेगी।

यह पुल कृषि उपज और औद्योगिक सामानों की ढुलाई को भी आसान बनाएगा, जिससे किसानों और व्यापारियों को बाजारों तक पहुंचने में सहूलियत होगी और व्यापार व वाणिज्य को बढ़ावा मिलेगा। बेहतर सड़क संपर्क से बिहार के आर्थिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना हवाई अड्डे पहुंचे, जहां जदयू अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कई नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे वैशाली रवाना हुए और नीतीश सेतु का उद्घाटन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *