राज्य में एक हफ्ते तक होंगे कार्यक्रम, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा- जनजातीय नायकों के सम्मान के प्रति सरकार प्रतिबद्ध


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया को दी जानकारी
11 से 18 नवंबर तक मनाया जाएगा जनजातीय गौरव दिवस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में चल रही प्रदेश सरकार

10 नवंबर 2026। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को मध्यप्रदेश में भव्यता के साथ मनाया जाएगा। मध्यप्रदेश में एक सप्ताह तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसे लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 10 नवंबर को बीजेपी प्रदेश कार्यालय में मीडिया से कहा कि मध्यप्रदेश, देश में सर्वाधिक जनजातीय आबादी वाला राज्य है। केंद्र और राज्य सरकार में भी जनजातीय जनप्रतिनिधियों को प्रमुख स्थान दिया गया है। प्रदेश से केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर और दुर्गादास उइके कैबिनेट में शामिल हैं। इसी प्रकार से कुंवर विजय शाह, संपतिया उइके, नागर सिंह चौहान, निर्मला भूरिया को प्रदेश सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई है। यह हमारी राजनीतिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के मूल विचार में बड़ा अंतर है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारी सरकार ने सभी जनजातीय नायकों के सम्मान, उनकी विरासत और जनजातीय गौरव को आगे बढ़ाया है। जननायक भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय गौरव व स्वाभिमान के प्रतीक हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुसार, जनजातीय नायकों को पहचान दिलाने के लिए उनकी जयंती और बलिदान दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भारतीय संस्कृति में भगवान राम की जयंती को श्रीराम नवमी, भगवान श्रीकृष्ण की जयंती को जन्माष्टमी के रूप में मनाते हैं। उन्होंने अपने कार्यों से समाज के लिए आदर्श स्थापित किए। दूसरी ओर, कांग्रेस कुंठित मानसिकता के साथ चलती है। सीएम डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जनजातीय नायकों के कार्यों पर समाज का ध्यान आकर्षित कराने के लिए जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत की।

जनजातीय नायकों ने राज्य को किया गौरवांवित
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि तत्कालीन ब्रिटिश सत्ता के खिलाफ भगवान बिरसा मुंडा ने झारखंड की धरती से आंदोलन का बिगुल फूंका था। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए स्वर्णिम अध्याय का शुभारंभ किया था। मध्यप्रदेश में क्रांतिसूर्य टंट्या मामा, राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह, राजा भभूत सिंह ने अपने समर्पण और कार्यों से राज्य को गौरवान्वित किया। वीरांगना रानी दुर्गावती ने मुगल शासकों से 52 युद्ध किए। सीएम डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार ने जनजातीय नायकों से जुड़े स्थानों, जबलपुर, संग्रामपुर, पचमढ़ी और इंदौर में कैबिनेट बैठक कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। खंडवा में टंट्या मामा के नाम से शासकीय विश्वविद्यालय बनाया गया है। मंडला के शासकीय मेडिकल कॉलेज का नाम भी राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह के नाम पर करने का प्रयास है। यह हमारी प्रतिबद्धता है।

बताई जाएगी भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष की कहानी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश बड़ा राज्य है। ऐसे में बिरसा मुंडा जयंती को एक दिन में भव्यता के साथ मनाना थोड़ा मुश्किल होगा। इसीलिए राज्य सरकार ने जनजातीय गौरव दिवस पर प्रदेश के तीन अलग-अलग अंचलों में भव्य कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसके अंतर्गत राज्य स्तर के बड़े कार्यक्रम जनजातीय बहुल विकासखंडों में आयोजित किए जाएंगे। स्कूल-कॉलेज और छात्रावासों में बिरसा मुंडा के कार्यों एवं उनके जीवन संघर्ष पर प्रकाश डाला जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार अपने-अपने स्तर पर कार्यक्रम कर रहा है। राज्य सरकार 14 नवंबर को गौंडवाना लैंड जबलपुर में कार्यक्रम आयोजित करेगी, 15 नवंबर को धार में डही सिंचाई परियोजना का लोकार्पण होगा और 16 नवंबर को खंडवा में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। हमारी सरकार जननायक के सभी अनछुए पहलुओं को समाज तक पहुंचाएंगे। सीएम डॉ. यादव ने कहा कि जनजातीय समाज के कल्याण के लिए पेसा कानून मध्यप्रदेश में बना है। साथ ही जनजातीय समाज को 10 हजार से ज्यादा पट्टे दिए गए हैं। मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना का लाभ भी उन्हें दिया जा रहा है।

कब-कहां-कैसे होंगे कार्यक्रम
वहीं, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि देश में 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में हुई। हमारा देश, हमारा राज का नारा बुलंद करने के कारण ही बिरसा मुंडा को भगवान का दर्जा दिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में 11-18 नवंबर तक प्रदेश स्तर पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। बीजेपी प्रत्येक जिले में भव्य जुलूस और रैली निकालेगी। शहरों के भवन, सड़कें और विकास परियोजनाओं के नाम जनजातीय नायकों के नाम पर करने की तैयारी भी प्रदेश सरकार ने की है। 12 और 13 नवंबर को जिलों में बैठकें आयोजित की जाएंगी। 14 नवंबर को प्रतिमाओं और देवस्थानों पर दीप प्रज्जवलित किए जाएंगे। 16 और 17 नवंबर को जनजातीय छात्रावासों में युवाओं से सीधा संपर्क और संवाद अभियान संचालित किया जाएगा। इसके बाद 18 से 20 नवंबर तक प्रदेश के सभी पूर्व और वर्तमान सांसद-विधायक जनजातीय चौपाल आयोजित करेंगे। जननायक भगवान बिरसा मुंडा का संदेश और आदर्श हम धरातल पर लेकर जाएंगे। यही जनजातीय गौरव दिवस अभियान का उद्देश्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *