महिला क्रिकेट में, भारत ने रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीन मैचों की सीरीज के दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में जिम्बाब्वे को नौ विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारत ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है।
103 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने महज 8.5 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत की ओर से शेफाली वर्मा ने 25 गेंदों में सर्वाधिक 55 रनों की पारी खेली, जबकि कप्तान स्मृति मंधाना 25 गेंदों में 47 रन बनाकर नाबाद रहीं।
इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट पर 102 रन बनाए थे। जिम्बाब्वे की तरफ से चिपो मुगेरी-तिरिफानो ने 32 गेंदों में सर्वाधिक 34 रन बनाए। वहीं भारत के लिए निक्की प्रसाद ने दो विकेट चटकाए।
एक विशेष पहल के तहत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुझाव के बाद तीनों टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए महिला दर्शकों को मुफ्त प्रवेश की अनुमति दी गई है। सीरीज का तीसरा और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच इसी महीने की 20 तारीख को खेला जाएगा।
भारत और जिम्बाब्वे के बीच यह पहली द्विपक्षीय महिला क्रिकेट सीरीज है। इस टी20 सीरीज के बाद वडोदरा में तीन मैचों की एकदिवसीय (ODI) सीरीज खेली जाएगी, जिसके मुकाबले इस महीने की 23, 25 और 28 तारीख को तय हैं।