पीएम मोदी ने दिखाई बेंगलुरु-मंगलुरु-मड़गांव वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी, मेट्रो नेटवर्क भी 100 KM पार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बेंगलुरु से बेंगलुरु-मंगलुरु-मड़गांव वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस नई ट्रेन सेवा से कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों और गोवा के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी। साथ ही पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

यह वंदे भारत एक्सप्रेस हासन, सकलेशपुर, मंगलुरु, उडुपी, गोकर्ण और कारवार होते हुए गोवा के मड़गांव तक पहुंचेगी। इस मार्ग पर यात्रियों को तेज और आरामदायक सफर के साथ पश्चिमी घाट और समुद्र तटीय क्षेत्रों की खूबसूरत प्राकृतिक छटा देखने का अवसर भी मिलेगा।

बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन

प्रधानमंत्री मोदी ने बेंगलुरु मेट्रो की 7.5 किलोमीटर लंबी पिंक लाइन के कालेना अग्रहारा से तवारेकेरे खंड का उद्घाटन किया। इस विस्तार के साथ शहर का परिचालन मेट्रो नेटवर्क 100 किलोमीटर से अधिक हो गया है। इससे बेंगलुरु के शहरी परिवहन को नई गति मिलने के साथ यात्रियों को आवागमन में सुविधा होगी।

रेलवे स्टेशनों और रेलखंडों को मिली नई सौगात

रेलवे क्षेत्र में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चामराजनगर, चिक्कमगलुरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया।

इसके अलावा बागलकोट-वंडाल रेलखंड के दोहरीकरण और सकलेशपुर-सुब्रह्मण्य घाट के विद्युतीकृत रेलखंड को भी राष्ट्र को समर्पित किया गया। इन परियोजनाओं से रेल परिचालन की क्षमता और सुविधाओं में सुधार होगा।

ऊर्जा और बुनियादी ढांचे को भी मजबूती

प्रधानमंत्री ने मंगलुरु में 80 हजार मीट्रिक टन क्षमता वाले देश के सबसे बड़े भूमिगत एलपीजी भंडारण केंद्र को राष्ट्र को समर्पित किया। इसके साथ ही एमआरपीएल के देवांगोंथी मार्केटिंग टर्मिनल का उद्घाटन किया गया।

हरलूर कुंते में कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) संयंत्र की आधारशिला भी रखी गई। इन परियोजनाओं से ऊर्जा भंडारण, आपूर्ति व्यवस्था और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में देश की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

खूबसूरत सफर के साथ पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस केवल तेज और आधुनिक रेल यात्रा का माध्यम नहीं है, बल्कि यह यात्रियों को खूबसूरत और यादगार सफर का अनुभव भी प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि नई ट्रेन सेवा से कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों और गोवा के बीच संपर्क बेहतर होगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ यात्रियों और स्थानीय कारोबारियों को भी लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *